दुर्ग। जिले में शुक्रवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा खैरागढ़-दुर्ग मुख्य मार्ग पर बोरी थाना क्षेत्र की लिटिया चौकी अंतर्गत ग्राम मोहंदी के पास हुआ।
यह भी पढ़े :- स्कूल जाने निकली 7 साल की मासूम को बस ने कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे दो युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच तेज गर्जना के साथ पेड़ के पास आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही लिटिया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल युवक को उपचार के लिए दुर्ग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बारिश और आकाशीय बिजली के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर लोगों को सावधानी बरतने का संदेश दिया है। प्रशासन ने भी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली से बचाव के लिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।




