कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरी कक्षा की सात वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। स्कूल जाने के लिए बस में सवार होने निकली बच्ची अपनी ही स्कूल बस की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े :- अस्पताल की पहली मंजिल से कूदे आरक्षक, इलाज के दौरान मौत
हादसा सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती में हुआ। मृतक छात्रा की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ती थी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। वह स्कूल बस में बैठने जा रही थी, इसी दौरान स्कूल संस्था की बस की चपेट में आ गई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजन और आसपास के लोग उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
मासूम की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। वहीं धनपुर बस्ती और स्कूल परिसर में भी शोक का माहौल है।




