बिलासपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहरी और ग्रामीण थाना क्षेत्रों में पुलिस ने संवेदनशील इलाकों की निगरानी बढ़ाने के साथ ही संभावित उपद्रवियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस अभियान के तहत BNSS की विभिन्न धाराओं में 50 से अधिक लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक और आम सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे लोगों को चिन्हित किया, जिनसे त्योहारों के दौरान विवाद या सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी। कार्रवाई के बाद संबंधित लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
कबाड़ियों पर भी पुलिस की नजर
इसी अभियान के तहत जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अवैध रूप से कबाड़ का कारोबार करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कबाड़ियों के कारोबार और गतिविधियों की जांच करते हुए संदिग्ध एवं अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए लोगों पर वैधानिक कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना प्राथमिकता है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाई जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति बिगाड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान भी पुलिस की निगरानी और पेट्रोलिंग लगातार जारी रहेगी।




