बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर इलाके में स्कूल परिसर में घुसकर सहायक शिक्षक पर जानलेवा हमला करने और धमकी देने का मामला सामने आया है। मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में नशे की हालत में पहुंचे आरोपी ने पहले स्कूल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और फिर सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। आरोपी ने शिक्षक को ट्रक से कुचलने की धमकी भी दी। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
कार्यालय के सामने किया हंगामा, फिर शिक्षक पर हमला
घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:45 बजे की बताई जा रही है। बसंतपुर थाना क्षेत्र की वाड्रफनगर चौकी अंतर्गत मदनपुर प्राथमिक विद्यालय में आरोपी प्रदीप मरावी पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने स्कूल कर्मचारियों को धमकाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपी सहायक शिक्षक कमलेश गुप्ता के पास पहुंचा और डंडे से हमला कर दिया। हमले में शिक्षक के सिर, हाथ और कमर में चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रक से कुचलने की धमकी भी दी।
मदद की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचा स्टाफ
घटना के दौरान शिक्षक की मदद की आवाज सुनकर स्कूल का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा। स्कूल परिसर में हंगामे की स्थिति बनने से छात्रों में भी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 टीम को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी समेत शिक्षक को पुलिस वाहन से चौकी लेकर गई।
पुरानी घटना से नाराज था आरोपी
पूछताछ के दौरान शिक्षक ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी इस तरह की घटना को अंजाम दे चुका है और उस मामले में उसके खिलाफ अपराध दर्ज हुआ था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने दोबारा स्कूल पहुंचकर हमला किया।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस ने शिक्षक की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की। पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।




