रायपुर। राजधानी के शंकर नगर स्थित BTI ग्राउंड को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा है कि BTI ग्राउंड की जमीन पर किसी भी तरह का व्यावसायिक या आवासीय परिसर नहीं बनाया जाएगा।
विधायक पुरंदर मिश्रा ने बताया कि जिस निर्माण को लेकर चर्चा हो रही है, वह BTI ग्राउंड में नहीं, बल्कि उससे लगे सरकारी कर्मचारियों के जर्जर आवासों की जगह प्रस्तावित है। इन पुराने और जर्जर मकानों को हटाकर वहां परिसर विकसित किए जाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि BTI ग्राउंड और उससे लगे सरकारी आवासीय परिसर को अलग-अलग समझने की जरूरत है। ग्राउंड की जमीन पर किसी निर्माण की योजना नहीं है। विधायक के इस बयान के बाद BTI ग्राउंड को लेकर चल रही उन चर्चाओं पर विराम लगने की उम्मीद है, जिनमें यहां व्यावसायिक या आवासीय निर्माण की बात कही जा रही थी।
भूपेश बघेल ने उठाया था मुद्दा
गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था और BTI ग्राउंड को लेकर सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रायपुर के लोगों को ट्रैफिक के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
बघेल ने राजधानी में मंत्रियों और अधिकारियों के दो-दो बंगले होने का मुद्दा उठाते हुए कहा था कि मंत्रियों को अतिरिक्त सरकारी आवास छोड़ने चाहिए। साथ ही उन्होंने BTI ग्राउंड में व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स बनाए जाने को गलत बताते हुए कहा था कि इससे आम लोगों को परेशानी होगी।




