रायपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जिले में मिलावटी और अमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। विभाग की टीम जिले के अलग-अलग इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर रही है।
यह भी पढ़े :- युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, पुलिस ने 5 नाबालिगों को हिरासत में लिया
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा टीम ने मेसर्स महावीर स्वीट्स एवं नमकीन, मेन रोड भाठागांव से खोवा का नमूना लिया। वहीं मेसर्स श्री सांई कृपा मां लक्ष्मी स्वीट्स, तरपोंगी तिल्दा से रबड़ी का सैंपल संग्रहित किया गया।
दोनों नमूनों को गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसमें सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और मानक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। रक्षाबंधन के दौरान मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट की आशंका को देखते हुए विभाग द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह और नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए जा रहे नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर जहां भी खाद्य गुणवत्ता के मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




