कोरबा। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून के चलते कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के कारण नदियां और जलस्रोत उफान पर हैं। इसी बीच कोरबा के प्रसिद्ध पिकनिक स्पॉट देवपहरी जलप्रपात में फोटो खिंचाने गए तीन युवक अचानक जलस्तर बढ़ने से हसदेव नदी के बीच बने टापू पर फंस गए।
यह भी पढ़े :- IGKV पेपर लीक में बड़ा खुलासा: अब प्लांट पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र भी लीक, प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
फोटो खिंचाने नदी के टापू तक पहुंचे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, लगातार बारिश के चलते हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ गया था। गुरमा श्यांग गांव निवासी धनेश्वर सारथी, घनश्याम महंत और सूरज सारथी सोमवार को घूमने के लिए देवपहरी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि तीनों फोटो खिंचाने के लिए नदी के बीच बने टापू तक चले गए। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा और तीनों युवक टापू पर फंस गए।
युवकों ने टापू पर बनी छतरी में रात बिताई। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए रेस्क्यू टीम से संपर्क किया और अपने परिजनों को भी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
अंधेरे और बढ़ते जलस्तर के कारण रेस्क्यू में आई परेशानी
घटना की जानकारी मिलते ही लेमरू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने ग्रामीणों की मदद से रात में ही रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन अंधेरा और लगातार बढ़ता जलस्तर अभियान में बाधा बना।
सुबह जलस्तर की स्थिति का जायजा लेने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दोबारा तेज किया गया। टीम ने सुरक्षित तरीके से तीनों युवकों को टापू से बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
कोरबा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी, जलप्रपात और अन्य जलस्रोतों के पास विशेष सावधानी बरतें। जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी या टापू के बीच जाने से बचें। पुलिस ने कहा कि प्राकृतिक स्थलों पर चेतावनियों और सुरक्षा निर्देशों की अनदेखी करना जानलेवा साबित हो सकता है।




