रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
यह भी पढ़े :- वारंटियों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 81 वारंट तामील; 25 स्थाई वारंटी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, ठाकुर राम साहू रामनगर में रहकर टाइल्स फिटिंग का काम करता है। 15 अगस्त को उसका रूपेश दास मानिकपुरी उर्फ सोनू और मोहन दास मानिकपुरी के साथ विवाद हुआ था। विवाद के दौरान दोनों ने उसे बाद में देख लेने की धमकी दी थी।
अगले दिन 16 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे ठाकुर राम खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंच गए और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने विरोध किया तो आरोपियों ने कथित तौर पर धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ियारी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर रामनगर चौकी पुलिस की टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हमला करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल गुप्ती बरामद की है।
मामले में पुलिस ने रूपेश दास मानिकपुरी उर्फ सोनू (20) और मोहन दास मानिकपुरी (27) के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।




