रायपुर। राजधानी रायपुर में लोन सेटलमेंट को लेकर फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में विवाद का मामला सामने आया है। एक युवक ने बजाज फाइनेंस के कर्मचारियों पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- ‘वंदे मातरम्’ पर सियासी संग्राम! भूपेश बघेल के बयान पर अजय चंद्राकर का पलटवार, दी खुली बहस की चुनौती
शिकायतकर्ता अजय कुमार पांडेय, निवासी हर्षित बिहार कॉलोनी, उरकुरा के मुताबिक, वह 17 अगस्त को अपने दोस्त मुनीश मिश्रा के लोन से संबंधित मामले में बातचीत करने के लिए स्काई पार्क बिल्डिंग स्थित बजाज फाइनेंस के कार्यालय पहुंचे थे। उनके साथ रामलोलारख त्रिपाठी भी मौजूद थे।
अजय का आरोप है कि कार्यालय में लोन सेटलमेंट को लेकर बातचीत के दौरान कलेक्शन मैनेजर सन्नी और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया। आरोप है कि कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और कार्यालय से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी।
शिकायत में युवक ने बताया कि विरोध करने पर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। इस दौरान उसके नाक, कान, सिर और गर्दन में चोटें आईं, साथ ही शरीर में दर्द होने की बात भी कही गई है।
घटना के दौरान साथ मौजूद मुनीश मिश्रा और रामलोलारख त्रिपाठी ने बीच-बचाव किया। शिकायतकर्ता ने दोनों को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




