रायपुर। न्यायालय से जारी लंबित वारंटों की तामील और लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रायपुर पुलिस ने पश्चिम क्षेत्र में विशेष एकदिवसीय अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर कुल 81 वारंटों की तामील की। इनमें 25 स्थाई वारंट और 56 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं।
यह भी पढ़े :- शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी का नेटवर्क उजागर, गुजरात-महाराष्ट्र और MP से चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र रॉबिन्सन गुड़िया और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में सभी थाना प्रभारियों को लंबित वारंटों की सूची तैयार कर फरार वारंटियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने वारंटियों के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
किस थाने में कितने वारंट तामील
आजाद चौक: 10 स्थाई और 22 गिरफ्तारी वारंट
सरस्वती नगर: 5 गिरफ्तारी वारंट
कबीर नगर: 2 स्थाई और 5 गिरफ्तारी वारंट
पुरानी बस्ती: 4 स्थाई और 6 गिरफ्तारी वारंट
डीडी नगर: 2 स्थाई और 3 गिरफ्तारी वारंट
आमानाका: 2 गिरफ्तारी वारंट
न्यू राजेंद्र नगर: 1 स्थाई और 8 गिरफ्तारी वारंट
टिकरापारा: 6 स्थाई और 5 गिरफ्तारी वारंट
इस तरह पश्चिम क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में कुल 25 स्थाई और 56 गिरफ्तारी वारंट, यानी 81 वारंटों की तामील की गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य न्यायालयीन आदेशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को कानून के दायरे में लाना है। पुलिस उपायुक्त पश्चिम क्षेत्र ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित वारंटों की नियमित समीक्षा करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।




