रायपुर। राजधानी के रावाभाठा मैदान में शनिवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय पवन टंडन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 5 अगस्त से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़े :- शादी के तीन दिन बाद दुल्हन लापता, ससुराल पक्ष ने लगाया धोखाधड़ी का आरोप; SP से शिकायत
जानकारी के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने मैदान में युवक का शव पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या कर शव को सीमेंट पाइप में छिपाए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और युवक के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में था।
फिलहाल पुलिस ने मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मामले में आगे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।



