बलौदाबाजार। जिले की जर्जर सड़कों का खामियाजा एक बार फिर लोगों को भुगतना पड़ा। कसडोल-कटगी राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130B) पर सड़क के गड्ढे से उछलकर एक एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह भी पढ़े :- CGPSC SI प्री परीक्षा परिणाम पर सियासत तेज, भूपेश बघेल ने चयन सूची के नामों को लेकर सरकार पर कसा तंज
हादसे में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
रायपुर से इलाज कराकर लौट रहे थे मरीज
यह हादसा ग्राम पीसीद स्थित जायसवाल ढाबा के पास हुआ। खरोरा की एम्बुलेंस (CG 04 PP 4032) रायपुर से मरीजों का इलाज कराकर ओडिशा के बरगढ़ लौट रही थी। वाहन में मरीज, परिजन, चालक और हेल्पर समेत कुल 8 लोग सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के पास सड़क पर बने गहरे गड्ढे से एम्बुलेंस उछल गई। तेज रफ्तार होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एम्बुलेंस सड़क पर पलट गई।
डायल-112 और ग्रामीणों ने बचाई जान
हादसे की सूचना मिलते ही कसडोल थाना की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। आरक्षक आशुतोष बंजारे और चालक केशव प्रसाद साहू ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से एम्बुलेंस में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
इसी दौरान ग्राम छांछी के निजी एम्बुलेंस चालक हरनारायण साहू भी अपनी दो एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
दो की हालत नाजुक
दुर्घटना में घायलों को सिर, छाती, पीठ, पेट, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक 6 घायलों में से दो की हालत गंभीर है, जबकि चार अन्य खतरे से बाहर हैं। राहत की बात यह रही कि एम्बुलेंस का चालक और हेल्पर सुरक्षित हैं।
जर्जर सड़कों पर फिर उठे सवाल
इस हादसे के बाद जिले की बदहाल सड़कों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे आम लोगों के साथ-साथ मरीजों और राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित विभाग को भी सूचना भेजी गई है।



