रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा जारी सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर परीक्षा-2024 के प्रारंभिक परीक्षा परिणाम को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। चयन सूची में दर्ज कुछ असामान्य नामों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज है। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार और आयोग पर निशाना साधते हुए तीखा तंज कसा है।
यह भी पढ़े :- जीरम घाटी नक्सली हमले के मामले में 10 अगस्त को अंतिम बहस, फैसले की ओर बढ़ी सुनवाई
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “NEWS” और “SPACE RANI” नाम के अभ्यर्थियों को CGPSC की सब इंस्पेक्टर प्रारंभिक परीक्षा में सफलता मिली है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में दोनों को “सांय-सांय बधाई” भी दी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में पहले चर्चित रहे महतारी वंदन योजना के उस मामले का भी उल्लेख किया, जिसमें कथित तौर पर “सनी लियोनी” के नाम से लाभ मिलने की बात सामने आई थी। इसे जोड़ते हुए उन्होंने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए इसे विष्णुदेव साय सरकार की “अभूतपूर्व उपलब्धि” बताया।
भूपेश बघेल ने आगे तंज कसते हुए लिखा कि सरकार को प्रतिदिन करोड़ों रुपये के विज्ञापन देने वाले जनसंपर्क विभाग के माध्यम से इस “उपलब्धि” का व्यापक प्रचार करना चाहिए, ताकि भविष्य में “रेडियो” और “SPACE राजा” जैसे नाम भी किसी प्रतियोगी परीक्षा में सफल हो सकें।



