रायपुर। राजधानी रायपुर की तेलीबांधा थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत किशोर को भी अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए ई-रिक्शा को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा में दर्ज अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत दर्ज मामले की त्वरित जांच के दौरान नवीन दास माणिकपुरी (35 वर्ष) को 31 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 16 जुलाई 2026 की रात करीब 11 बजे वह ई-रिक्शा से सफर कर रहा था। इसी दौरान चालक और उसके साथी ने उसके साथ मारपीट कर रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन, ईयरफोन, पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड, 750 रुपये नकद और चांदी की अंगूठी लूट ली।
जांच के दौरान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत किशोर को अभिरक्षा में लेकर बाल मित्र कक्ष में पूछताछ की। उसके मेमोरेंडम के आधार पर मुख्य आरोपी नवीन दास माणिकपुरी की पहचान हुई और उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा (क्रमांक CG-04 PA-3983) भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने विधि से संघर्षरत किशोर के खिलाफ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई कर उसे सक्षम किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया। वहीं मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



