गरियाबंद। जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल कार्यालय में दो शिक्षकों के कथित तौर पर शराब पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़े :- अनोखा विरोध: बदहाल राष्ट्रीय राजमार्ग के गड्ढे में बैठकर युवक ने किया स्नान, वायरल हुआ वीडियो
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान स्कूल कार्यालय में बैठकर कथित रूप से शराब पीते और चखना करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जबकि नियमित शिक्षण कार्य भी प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस समय कक्षाएं संचालित होनी चाहिए थीं, उस समय दोनों शिक्षक कार्यालय में शराब पार्टी कर रहे थे। उस दिन विद्यालय के तीन अन्य शिक्षक अवकाश पर थे, जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।
स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड का पालन किए बिना टी-शर्ट और कार्गो जींस पहनकर विद्यालय पहुंचे थे। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है और शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू करने की बात कही है। अधिकारियों के अनुसार वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायतों की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वीडियो की प्रामाणिकता और पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।



