मुंगेली : बिलासपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मुंगेली क्षेत्र अंतर्गत सड़कों की जर्जर हालत और प्रशासन की उदासीनता से तंग आकर एक युवक ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया है। चातरखार के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने एक विशाल और जानलेवा गड्ढे में जमा बारिश के पानी में बैठकर युवक ने साबुन लगाकर स्नान किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो क्षेत्र में चर्चा का मुख्य केंद्र बन गया है।
यह भी पढ़े :- एकलव्य विद्यालय के छात्रों का चक्काजाम, प्राचार्य और छात्रावास अधीक्षक पर लगाए दुर्व्यवहार के आरोप
दैनिक राहगीरों के लिए जानलेवा बने गड्ढे
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों के अनुसार, मुंगेली से पंडरिया मार्ग पर चातरखार तथा बरेला क्षेत्र में सड़क की स्थिति लंबे समय से बेहद खराब है। बारिश के कारण गड्ढों में जलभराव होने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। हजारों राहगीर प्रतिदिन अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
व्यवस्था पर करारा प्रहार
वायरल वीडियो में युवक कीचड़युक्त पानी को “तालाब” की संज्ञा देते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहा है। आम जनता इस अनोखे प्रदर्शन को बदहाल व्यवस्था और शासन-प्रशासन की उपेक्षा के खिलाफ बढ़ते आक्रोश के रूप में देख रही है।
अधिकारियों की फटकार का भी असर बेअसर
उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा पर हाल ही में मुंगेली कलेक्टर और संभागायुक्त (कमिश्नर) ने भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों को लापरवाही के लिए नोटिस जारी कर फटकार भी लगाई गई थी, लेकिन इसके बावजूद धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है और सुधार कार्य कागजों तक ही सीमित नजर आ रहा है।



