रायपुर। कटघोरा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा की जगह कथित रूप से सीमेंट की प्रतिमा लगाए जाने के विवाद पर भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए राज्यभर में स्थापित अटल प्रतिमाओं की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल एक सब-इंजीनियर को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान अजय चंद्राकर ने कहा कि यह मामला सिर्फ एक प्रतिमा तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी कार्यों की गुणवत्ता और सार्वजनिक धन के उपयोग से जुड़ा है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि प्रदेशभर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं का परीक्षण कराया जाए, ताकि कहीं और भी ऐसी अनियमितता हुई हो तो उसका खुलासा हो सके।
बस्तर पंडुम पर कांग्रेस को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा बस्तर पंडुम कार्यक्रम में भ्रष्टाचार के लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए चंद्राकर ने कहा कि सभी सरकारी आयोजनों का ऑडिट तय प्रक्रिया के तहत होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस बिना तथ्य के केवल राजनीतिक बयानबाजी कर रही है।
स्मार्ट मीटर विवाद पर कांग्रेस पर हमला
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस के आंदोलन पर निशाना साधते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि इस योजना की शुरुआत कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुई थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने पूर्व मुख्यमंत्री से जवाब मांगना चाहिए कि यह योजना किन परिस्थितियों में शुरू की गई थी।
कांग्रेस में नेतृत्व संकट का दावा
कांग्रेस के संगठनात्मक हालात पर टिप्पणी करते हुए चंद्राकर ने कहा कि पार्टी इस समय आंतरिक मतभेदों और नेतृत्व संकट से जूझ रही है। उनके अनुसार कांग्रेस के पास जनता से जुड़े प्रभावी मुद्दे नहीं बचे हैं और उसका पूरा ध्यान अंदरूनी खींचतान पर केंद्रित है।
कुलगाम हमले पर जताया दुख
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया। चंद्राकर ने इसे सुनियोजित टारगेट किलिंग बताते हुए केंद्र सरकार से आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की अपील भी की।



