सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के बाद नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के दौरान घर में मौजूद तीन बच्चों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घटना सतपता (सतकरा) गांव की है। आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी, लोहे के पाइप और फावड़े से पत्नी पर कई घातक वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना का कारण माना जा रहा है। हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



