कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के बॉयलर में विस्फोट (ब्लास्ट) होने के बाद आग तेजी से फैल गई। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे 30 से 40 मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में काला धुआं फैल गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए दमकल कर्मियों को जल्द से जल्द आग पर नियंत्रण पाने के निर्देश दिए।
एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान जारी है। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है। हालांकि पूरी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के क्षेत्र को एहतियातन सील कर दिया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। साथ ही लोगों से घटनास्थल के आसपास नहीं जाने की अपील की गई है।
प्रशासन के अनुसार, आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद की जाएगी। प्रारंभिक तौर पर घटना का कारण बॉयलर ब्लास्ट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।



