रायपुर: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी सियासी पारा चढ़ गया है। राज्यसभा में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के अपमान को अपराध की श्रेणी में लाने वाले संभावित विधेयक को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधा है।
विधायक मिश्रा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो भारत माता का सम्मान करेगा, वही इस देश में राज करेगा। उन्होंने कांग्रेस की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए तंज कसा कि यदि कांग्रेस ‘भारत माता की जय’ नहीं बोलना चाहती, तो उसे चीन या इटली चले जाना चाहिए।
बिजली बिल आंदोलन को बताया ‘जनता को ठगने का कृत्य’
कांग्रेस द्वारा प्रदेश में चलाए जा रहे बिजली बिल आंदोलन पर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक ने इसे राजनीतिक ढोंग करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने अपने कार्यकाल में केवल तीन निजी ठेका कंपनियों को काम सौंपकर छत्तीसगढ़ की जनता को लूटने और ठगने का काम किया था। मिश्रा ने मांग की है कि पूर्ववर्ती सरकार के इन फैसलों की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी नाकामियों को छुपाने और वर्तमान विष्णुदेव साय सरकार की छवि धूमिल करने के लिए यह झूठा अभियान चला रही है।
बघेल-सिंहदेव के दौरों पर कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हालिया संयुक्त दौरों पर भी पुरंदर मिश्रा ने चुटकी ली। उन्होंने दोनों नेताओं के राजनीतिक समीकरणों पर तंज कसते हुए कहा कि 2018 में यह एक ‘हनीमून सरकार’ की तरह शुरू हुई थी, जिसके बाद दोनों में ‘तलाक’ (अलगाव) हो गया। अब एक बार फिर दोनों नेता साथ घूमकर नया राजनीतिक नाटक रच रहे हैं।



