बस्तर: जिले के नगर थाना क्षेत्र में देर रात एटीएम (ATM) लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूरी तैयारी के साथ आए शातिर बदमाशों ने नगर बाजार स्थित एक एटीएम मशीन को जड़ से उखाड़ दिया।
यह भी पढ़े :- सज चुका था मंडप, आने वाली थी बारात; ऐन वक्त पर पुलिस और प्रशासन ने रुकवाया बाल विवाह
हालांकि, इतनी बड़ी मशक्कत के बाद भी बदमाश कैश निकालने में नाकाम रहे और अंत में तिजोरी (कैश बॉक्स) को बीच सड़क पर ही लावारिस छोड़कर रफूचक्कर हो गए।
मशीन उखाड़ी, पर नहीं खुला लॉकर
पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले एटीएम बूथ में प्रवेश किया और पूरी मशीन को ही उखाड़ फेंका। इसके बाद उन्होंने मशीन के भीतर मौजूद मुख्य कैश बॉक्स से रकम निकालने के लिए कड़ा संघर्ष किया। काफी कोशिशों और कशमकश के बाद भी जब वे कैश बॉक्स का लॉकर तोड़ने में असफल रहे, तो पकड़े जाने के डर से वे भारी-भरकम कैश बॉक्स को सड़क पर ही पटक कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकले।
सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की भनक लगते ही नगर थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने सड़क पर पड़े कैश बॉक्स को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल वारदात में कुल कितने आरोपी शामिल थे, इसकी सही संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्धों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह को दबोच कर मामले का भंडाफोड़ किया जाएगा।



