रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास शनिवार सुबह एक युवक ट्रेन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, आरा से दुर्ग जा रही साउथ बिहार एक्सप्रेस जब श्रीनगर रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रही थी, तभी एक युवक अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद लोको पायलट ने तत्काल ट्रेन रोक दी, जिससे करीब 15 मिनट तक रेल यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस और रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को ट्रैक से हटाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



