रायपुर। छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस (जे) ने संगठन को नए स्वरूप में पेश करते हुए ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ की शुरुआत की है। पार्टी अध्यक्ष अमित जोगी ने रायपुर स्थित अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में नई रणनीति, संगठनात्मक बदलाव और आगामी राजनीतिक अभियान का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक दौर में पार्टी नई सोच, नई तकनीक और जमीनी मुद्दों के साथ आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़े :- मछली पकड़ने गया ग्रामीण उफनते नाले में बहा, 48 घंटे बाद मिला शव
अमित जोगी ने कहा कि अब राजनीति केवल पारंपरिक ढांचे तक सीमित नहीं रह गई है। युवाओं की भागीदारी, आधुनिक दृष्टिकोण और जनहित के मुद्दों पर आधारित राजनीति ही भविष्य तय करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी वंशवाद, जाति और धर्म की राजनीति से हटकर रोजगार, नशामुक्ति और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर संघर्ष करेगी।
युवा संगठन का बदला नाम
संगठनात्मक बदलाव के तहत पार्टी ने अपने युवा संगठन का नाम बदल दिया है। अब ‘अजीत जोगी युवा कांग्रेस’ की जगह ‘जनता युवा कांग्रेस’ नाम से संगठन काम करेगा। इसके प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ईश्वर उपाध्याय को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अमित जोगी ने कहा कि युवा संगठन को अधिक सक्रिय और जनोन्मुखी बनाया जाएगा।
तीन बड़े मुद्दों पर अभियान
पार्टी ने प्रदेशभर में नशा, बेरोजगारी और अन्याय के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की घोषणा की है। इसके साथ ही जनता युवा कांग्रेस ‘बेटी बचाओ’ के साथ ‘बेटा बचाओ’ अभियान भी शुरू करेगी। अमित जोगी का कहना है कि प्रदेश के युवाओं को नशे, बेरोजगारी और अवसाद से बचाने की जरूरत है।
कांग्रेस में विलय पर फिर दोहराई बात
अमित जोगी ने कहा कि उनकी पार्टी कांग्रेस में विलय की इच्छुक रही है। इसके लिए एक वर्ष पहले कांग्रेस हाईकमान को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद पार्टी ने स्वतंत्र रूप से नई शुरुआत करने का फैसला किया है।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में कांग्रेस को मजबूत सहयोग की आवश्यकता है और उनकी पार्टी भाजपा के खिलाफ विपक्ष को मजबूत करने में भूमिका निभाना चाहती है। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि भाजपा की “बी टीम” कहे जाने की छवि से पार्टी को राजनीतिक नुकसान हुआ है, जिसे अब बदलने का प्रयास किया जाएगा।
अजीत जोगी के लेखों पर आधारित पुस्तकों का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के लेखों पर आधारित दो पुस्तकों ‘दृष्टिकोण’ और ‘सदी के मोड़’ का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर डॉ. रेणु जोगी ने बताया कि इन पुस्तकों में 1990 के दशक के महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रमों पर अजीत जोगी द्वारा लिखे गए लेखों का संकलन है, जो विभिन्न समाचार पत्रों में स्तंभकार के रूप में प्रकाशित हुए थे।



