रायपुर। राजधानी में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरस्वती नगर पुलिस ने गांजा बेचने की तैयारी कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 2.162 किलोग्राम गांजा, बिक्री की नकदी और अन्य सामग्री जब्त की है।
यह भी पढ़े :- ‘जोगी कांग्रेस 2.0’ लॉन्च: अमित जोगी बोले- नई सोच, नए विजन के साथ करेंगे नई शुरुआत
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुकुरबेड़ा ओवरब्रिज के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सरस्वती नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की, जिसने अपना नाम हरीश सेन्द्रे निवासी कुकुरबेड़ा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद बोरी से 2.162 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से गांजा बिक्री से जुड़ी 2 हजार रुपये नकद राशि भी जब्त की।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। नकदी सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.02 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।



