कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र के डिंडोलभाठा गांव में मछली पकड़ने के दौरान उफनते नाले में बह गए ग्रामीण का शव 48 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। लगातार बारिश और तेज जलधारा के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने कई घंटे की मशक्कत के बाद शव को खोज निकाला।
यह भी पढ़े :- तीन साल बाद EOW ऑफिस पहुंचे कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल, शराब-कोल लेवी और कस्टम मिलिंग मामलों में पूछताछ
जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय बंधु लोहार सोमवार को गांव के पास स्थित नाले में मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक नाले का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव में वह बह गया। पानी का वेग इतना अधिक था कि उसे संभलने का मौका नहीं मिला।
जब देर रात तक बंधु लोहार घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोतीलाल पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
तेज बहाव के कारण स्थानीय स्तर पर तलाश में सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। मंगलवार को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने और पानी का स्तर लगातार बढ़ने के कारण अभियान बीच में रोकना पड़ा।
बताया गया कि यह नाला आगे जाकर अहिरन नदी में मिलता है। लगातार बारिश से नदी और नाले दोनों में जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे रेस्क्यू अभियान प्रभावित हुआ।
बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बंधु लोहार का शव नाले से बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।



