रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने विभाग के ही कर्मचारी से उसकी बेटी की शादी के लिए जीपीएफ (PF) की राशि निकालने के एवज में 10 हजार रुपये की घूस मांगी थी।
यह भी पढ़े :- Alderman Appoint Breaking : दुर्ग, बस्तर और बिलासपुर संभाग में एल्डरमैन नियुक्त…! एक क्लिक में देखें पूरी लिस्ट
मामला दुर्ग जिले के विद्युत यांत्रिकी सिंचाई विभाग का है, जहां पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को ACB टीम ने रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। बताया जा रहा है कि विभाग में कार्यरत नंद कुमार ने अपनी बेटी की शादी के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से करीब 5 लाख रुपये निकालने आवेदन किया था।
आरोप है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी कर राशि जारी करने के बदले शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने बताया कि बेटी की शादी तय होने के कारण उसे पैसों की तत्काल जरूरत थी, लेकिन बाबू लगातार रिश्वत मांगकर काम अटका रहा था। आर्थिक स्थिति ऐसी थी कि रिश्वत देने के लिए भी पैसे नहीं थे।
परेशान होकर कर्मचारी ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो रायपुर से की। शिकायत की जांच के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपी को उसके कार्यालय में 10 हजार रुपये दिए, तभी पहले से तैनात टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान ACB के एक दर्जन से अधिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
ACB डीएसपी सुरेश सोनी ने बताया कि शिकायत 22 जून को मिली थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद आज आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।



