कवर्धा। जिले के पंडरिया विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम तेलियापानी लेदरा से शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शासकीय स्कूल के शिक्षक का परिसर में कथित रूप से शराब का सेवन करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक शिक्षक स्कूल भवन के भीतर एक कमरे में शराब का सेवन करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो में कमरे के अंदर शराब की बोतलें और खाने-पीने का सामान भी रखा नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह घटना स्कूल समय के दौरान की है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है, वहां इस तरह की गतिविधियां न केवल अनुशासनहीनता हैं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) एफ.आर. वर्मा ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित प्रधान पाठक से विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो की सत्यता, समय और स्थान की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जाएगा कि क्या वास्तव में शराब का सेवन स्कूल परिसर में किया गया है या वीडियो किसी अन्य स्थान का है।
डीईओ ने कहा है कि प्रारंभिक जांच के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमों के तहत कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।



