रायपुर, 21 जून। Election Preparation : छत्तीसगढ़ कांग्रेस में लंबे समय से गुटबाजी की चर्चाओं के बीच राहुल गांधी ने अभनपुर से साफ संदेश दिया है कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता में है। जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने गुटबाजी से बचने और जल, जंगल व जमीन जैसे जनसरोकार के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने की नसीहत दी। अभनपुर स्थित अग्रवाल मंगल भवन पहुंचे राहुल गांधी ने जिलाध्यक्षों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्हें संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने, गुटबाजी से दूर रहने और प्रदेश में जल, जंगल और जमीन जैसे जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की सलाह दी। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस को जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़े मुद्दों के साथ मजबूती से खड़ा होना होगा। उन्होंने संगठनात्मक एकजुटता पर जोर देते हुए जिलाध्यक्षों को कार्यकर्ताओं के सम्मान और भागीदारी को प्राथमिकता देने की नसीहत दी। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत भी मौजूद रहे। राहुल गांधी के संबोधन से पहले सचिन पायलट और दीपक बैज ने भी जिलाध्यक्षों को संबोधित किया। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बन रहा है और कांग्रेस को इसका राजनीतिक लाभ उठाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने गुटबाजी से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बंद कमरे में प्रदेश नेतृत्व के साथ मंथन
प्रशिक्षण शिविर स्थल पहुंचने के बाद राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में महत्वपूर्ण चर्चा भी की। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक (Election Preparation) हालात, संगठनात्मक रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद राहुल गांधी प्रशिक्षण सत्र में शामिल हुए और जिलाध्यक्षों से रूबरू हुए। प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव ने अपनी टीम के साथ जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण दिया। रविवार को योगाभ्यास के साथ शिविर की औपचारिक शुरुआत हुई। यह प्रशिक्षण शिविर 29 जून तक चलेगा।


