रायपुर, 21 जून। Rahul Gandhi : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत समेत कांग्रेस नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
राहुल गांधी अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर करीब चार घंटे तक नवनियुक्त जिलाध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 41 जिलाध्यक्षों को संगठन विस्तार के लिए लक्ष्य आधारित जिम्मेदारियां सौंप सकते हैं। वहीं, उनके दौरे को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम बता रही है।



