नई दिल्ली, 12 जून। NEET 2026 Latest Update : देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 में शामिल होने जा रहे लाखों छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को अधिक छात्र-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण बदलावों की घोषणा की है।
15 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा
नए नियमों के तहत अब अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा, वहीं प्रश्न पत्र पुस्तिका में रफ वर्क के लिए भी अधिक स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। एनटीए के अनुसार, 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। यानी छात्रों को कुल 195 मिनट (3 घंटे 15 मिनट) का समय मिलेगा। पहले परीक्षा की अवधि 180 मिनट यानी 3 घंटे होती थी।
एजेंसी ने बताया कि पिछले कई वर्षों से छात्रों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि परीक्षा केंद्रों में बायोमेट्रिक सत्यापन, अटेंडेंस शीट पर हस्ताक्षर और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उनका महत्वपूर्ण समय खर्च हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी अतिरिक्त दबाव के प्रश्न पत्र हल कर सकें। इसके अलावा, फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में जटिल गणनाओं के लिए छात्रों को रफ वर्क की आवश्यकता होती है।
छात्रों की मांग को स्वीकार करते हुए इस बार प्रश्न पत्र पुस्तिका में रफ वर्क के लिए अधिक जगह भी उपलब्ध कराई जाएगी। एनटीए का मानना है कि इससे परीक्षा के दौरान छात्रों को बेहतर सुविधा मिलेगी और वे अधिक व्यवस्थित तरीके से प्रश्नों का समाधान कर सकेंगे। शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



