बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र में एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। शादी का वादा देकर लगभग चार साल तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी अजय कुमार बघेल को पुलिस ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह पिछले तीन महीनों से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर सरकंडा पुलिस की टीम ने नागपुर स्थित एक निर्माणाधीन कॉम्प्लेक्स में दबिश दी और आरोपी को मौके से पकड़ लिया।
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। जब पीड़िता गर्भवती हुई तो आरोपी ने जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। पीड़िता के लगातार शिकायत करने पर सरकंडा थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था।
सरकंडा पुलिस ने आरोपी अजय कुमार बघेल को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।



