रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने मुख्यमंत्री सचिवालय की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों के कार्यों का नए सिरे से विभाजन किया है। जारी आदेश के तहत सचिव स्तर के अधिकारियों को विभिन्न विभागों, योजनाओं और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही पहली बार संभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है, जिससे प्रशासनिक समन्वय और योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े :- दिल्ली होटल अग्निकांड के बाद बिहार में बड़ा हादसा, अस्पताल के ICU में आग से 3 मरीजों की मौत
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री के सचिव रजत बंसल को राज्य सरकार के प्रमुख कार्यक्रम सुशासन तिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा वे शिक्षा विभाग तथा शिक्षा का अधिकार (आरटीई) से जुड़े मामलों की निगरानी भी करेंगे।

पी. दयानंद को लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग और मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित कार्यों का दायित्व दिया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की जिम्मेदारी अब उनके पास रहेगी।

राहुल भगत को गृह, परिवहन, पर्यटन और समाज कल्याण विभागों का प्रभार सौंपा गया है। कानून-व्यवस्था, पर्यटन विकास और सामाजिक योजनाओं के क्रियान्वयन पर उनकी विशेष निगरानी रहेगी।

मुकेश बंसल को कृषि, ऊर्जा और खाद्य विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। किसानों से जुड़े मुद्दों, बिजली व्यवस्था तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) से संबंधित मामलों का समन्वय वे करेंगे।

प्रभात मलिक को जनदर्शन कार्यक्रम, राजस्व विभाग और नगरीय प्रशासन से जुड़े कार्यों का दायित्व सौंपा गया है। आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण और शहरी विकास से जुड़े विषय अब उनके अधीन रहेंगे।
संभागवार नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
राज्य सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न संभागों के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की है। यह व्यवस्था विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
सरकार का मानना है कि नए कार्य विभाजन और नोडल अधिकारियों की नियुक्ति से मुख्यमंत्री सचिवालय की कार्यक्षमता बढ़ेगी। साथ ही विभागीय कामकाज में तेजी आएगी और शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगा।



