कबीरधाम। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने अपनी ही भाभी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात को दुष्कर्म के बाद हत्या का रूप देने के लिए आरोपी ने शव के कपड़े भी फाड़ दिए, ताकि पुलिस का शक किसी अन्य व्यक्ति पर जाए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी ननद को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़े :- जनसंख्या असंतुलन राष्ट्र के लिए गंभीर चुनौती: रायपुर में विश्व हिंदू परिषद ने उठाए सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकार
जानकारी के मुताबिक, 3 मई 2026 को ग्राम सिंगारपुर के झोंकाखार खेत में एक महिला का शव संदिग्ध हालत में मिला था। शव निर्वस्त्र अवस्था में पड़ा था और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच में मृतका की पहचान बेलसिया छेदैया (32) निवासी ग्राम सिंगारपुर के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। घटनास्थल से पुलिस को लोहे की रपली, हंसिया, टूटी चूड़ियां, कपड़ों के टुकड़े, बटन और साड़ी पिन समेत कई अहम सबूत मिले। साइबर सेल और एफएसएल टीम की मदद से तकनीकी जांच की गई।
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि महिला के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था, बल्कि हत्या के बाद शव को निर्वस्त्र कर घटना को दूसरी दिशा देने की कोशिश की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि मृतका और उसकी ननद मालती मरकाम (33) के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार मारपीट हो चुकी थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब छह महीने पहले मालती मरकाम ने अपनी भाभी की गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन परिवार के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था। आरोपी मालती का पति नरेंद्र मरकाम शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर वह करीब पांच साल पहले ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी थी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी मालती मरकाम को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



