कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में प्रचंड बहुमत हासिल करने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने सरकार गठन की प्रक्रिया तेज कर दी है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि राज्य के नए मुख्यमंत्री 9 मई को शपथ लेंगे।
यह भी पढ़े :- भाजपा पदाधिकारी के साथ रिसॉर्ट में मिली शिक्षिका, VIDEO वायरल: पति ने पुलिस के साथ पहुंचकर पकड़ा
मंगलवार को मीडिया से चर्चा करते हुए समिक भट्टाचार्य ने बताया कि मुख्यमंत्री पद के लिए नाम का ऐलान जल्द किया जाएगा। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि राज्य की कमान किसे सौंपी जाएगी।
ज्ञात हो कि पश्चिम बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान हुआ था, जबकि 4 मई को मतगणना संपन्न हुई। चुनाव परिणामों में भाजपा ने 206 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया और लंबे समय से सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया। तृणमूल कांग्रेस को इस चुनाव में 80 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।
मुख्यमंत्री पद को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं। संभावित नामों में समिक भट्टाचार्य के अलावा सुवेंदु अधिकारी का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है, जिन्होंने ममता बनर्जी को उनके गढ़ भवानीपुर सीट से पराजित किया है।
इधर, सुवेंदु अधिकारी ने जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व पार्टी का झंडा लेकर तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिसकी पार्टी निंदा करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल पाए जाने पर संबंधित कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा की इस जीत के बाद अब सबकी निगाहें 9 मई को होने वाले शपथग्रहण समारोह और नए मुख्यमंत्री के नाम पर टिकी हुई हैं।



