बालोद। जिले में एक महिला शिक्षिका से जुड़ा विवादित मामला सामने आया है, जिसमें पति ने उसे एक रिसॉर्ट में कथित रूप से भाजपा से जुड़े व्यक्ति के साथ पाए जाने का दावा किया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, महिला ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है।
यह भी पढ़े :- कोरबा में ‘शोले’ जैसा हाईवोल्टेज ड्रामा: पत्नी को मनाने 150 फीट टॉवर पर चढ़ा युवक, ढाई घंटे बाद उतरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टिकरापारा वार्ड क्रमांक-04 निवासी अब्दुल ताहिर ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ताहिर का कहना है कि उसकी पत्नी, जो जगन्नाथपुर परसदा स्थित प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका के पद पर पदस्थ है, पिछले दो वर्षों से उसके और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है।
पति ने लगाए प्रताड़ना के आरोप
शिकायत में पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी द्वारा आए दिन गाली-गलौज और मारपीट की जाती है। उसने यह भी दावा किया कि बच्चों के साथ भी अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसमें उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने जैसे आरोप शामिल हैं। इन परिस्थितियों के चलते उसे पत्नी के व्यवहार पर संदेह हुआ।
कथित संबंध का आरोप
ताहिर ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी का असरार अहमद उर्फ गुड्डा नामक व्यक्ति से संबंध है, जो एक राजनीतिक दल से जुड़ा बताया जा रहा है। उसने मोबाइल में आपत्तिजनक संदेश मिलने का भी दावा किया है।
रिसॉर्ट में पहुंचने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को सूचना मिलने पर वह अपने परिजनों और पुलिस के साथ ग्राम डंगनिया स्थित एक रिसॉर्ट पहुंचा। वहां एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ समय बाद एक व्यक्ति बाहर निकला, जबकि बाद में महिला भी बाहर आई। इस दौरान मौके पर विवाद की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस सभी को थाने ले गई और पूछताछ की गई।
महिला ने आरोपों से किया इंकार
दूसरी ओर, संबंधित महिला शिक्षिका ने पति के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उसे बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। महिला का कहना है कि वह स्वयं पति की प्रताड़ना से परेशान है और उसके खिलाफ झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
पुलिस कर रही जांच
मामले में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



