रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पूर्व विधायक धनीराम साहू के बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जय साहू (45) के रूप में हुई है, जो मोवा स्थित आदर्श नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहते थे। रविवार रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि जय साहू ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है।
यह भी पढ़े :- भारतमाला घोटाले में ED का बड़ा एक्शन: जमीन कारोबारी गोपाल गांधी के ठिकानों पर छापा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कमरे के भीतर उनका शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
तनाव में रहने की बात आई सामने
प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से तनाव में थे। पुलिस के अनुसार पारिवारिक कारणों को लेकर उनकी पत्नी से विवाद भी हुआ था और घटना के समय पत्नी घर पर मौजूद नहीं थी।
पुलिस को आशंका है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
राजनीतिक परिवार से जुड़ा मामला
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता धनीराम साहू वर्ष 1995 में अभनपुर से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनका राजनीतिक प्रभाव रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचने लगे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।



