कोरबा। जिले के सर्वमंगलवा नगर स्थित बरमपुर बस्ती के तालाब में शुक्रवार सुबह एक युवक की तैरती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिलासपुर निवासी केशव यादव के रूप में हुई है, जो कुसमुंडा क्षेत्र की एक निजी खदान कंपनी में कार्यरत था।
यह भी पढ़े :- रायपुर में फर्जी नियुक्ति आदेश से हड़कंप: GAD के नाम पर जारी लेटर में डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग
मामला कुसमुंडा थाना अंतर्गत सर्वमंगला चौकी क्षेत्र का है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस प्रभारी वैभव तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।
फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



