कोरबा। शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब बालको क्षेत्र से एक युवक के अपहरण की सूचना सामने आई। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है और मामले को जमीन व रजिस्ट्री से जुड़े लेनदेन विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़े :- बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: EWS बिल्डिंग की छत से गिरे युवक-युवती, युवक की मौत, युवती गंभीर
जानकारी के अनुसार, पुरानी बस्ती क्षेत्र के भंडारी चौक निवासी विजय सिंधी का बीती रात बालको इलाके से कथित तौर पर आधा दर्जन लोगों ने जबरन अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी एक चारपहिया वाहन में पहुंचे और युवक को घेरकर अपने साथ ले गए।
घटना के बाद बालको पुलिस टीम पुरानी बस्ती पहुंची और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अपहृत युवक पर पहले भी कई लोगों से धोखाधड़ी कर पैसे लेने के आरोप लगते रहे हैं। बताया जाता है कि विवाद बढ़ने के बाद वह रायगढ़ भी चला गया था और कुछ समय बाद वापस कोरबा लौटा था।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि मामला गंभीर है और प्रारंभिक जांच में यह जमीन और पैसों के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस युवक के अपहरण की बात सामने आई है, उससे फोन पर संपर्क हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।



