कोरबा। शहर में मौसम बदलने के बीच एक बड़ा हादसा सामने आया है। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर स्थित कपाटमुड़ा रोड पर निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोग मलबे में दब गए। हादसे में पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, देर रात तेज हवा और मौसम में बदलाव के दौरान संतोष वर्मा के निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान की दीवार अचानक भरभराकर पास में स्थित अजय धनवार के घर पर गिर गई। उस समय अजय धनवार, उनकी पत्नी और छोटा बच्चा घर के अंदर सो रहे थे।
दीवार गिरते ही पूरा परिवार ईंट और मलबे के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए तीनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में घर के भीतर रखा स्कूटर, बर्तन, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और चारों ओर मलबा फैला हुआ है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माणाधीन भवन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं।



