Viral wedding : शादी-विवाह की पारंपरिक रस्मों से अलग छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बन गई है। यहां दुल्हन स्वयं बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची और विवाह संपन्न होने के बाद दूल्हे की विदाई की गई।
जानकारी के अनुसार, दुल्हन देवमुनि एक्का बारात के साथ दूल्हे बिलासुस बरवा के घर पहुंचीं। मसीही रीति-रिवाज से संपन्न इस विवाह में पारंपरिक ‘कन्यादान’ की जगह ‘वरदान’ की रस्म निभाई गई। विवाह के बाद दूल्हे को दुल्हन के घर ले जाया गया, जहां विदाई के दौरान वह भावुक होकर रो पड़ा। (Viral wedding)
बताया जा रहा है कि दुल्हन के परिवार में कोई पुत्र नहीं है। पिता मोहन एक्का खेती-किसानी से जुड़े हैं और उनके चार बेटियां हैं। ऐसे में परिवार ने दूल्हे को अपने घर लाकर बेटे की तरह रखने का निर्णय लिया। इसी कारण परंपरा के विपरीत दुल्हन बारात लेकर दूल्हे के घर पहुंची।
दुल्हन के पिता ने बताया कि यह निर्णय उनके परिवार की आवश्यकता के अनुसार लिया गया है। विवाह पूरी तरह उनके धार्मिक और सामाजिक रीति-रिवाजों के तहत संपन्न हुआ तथा दहेज का लेन-देन नहीं किया गया।
इस अनोखी शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे बदलती सोच और समानता की दिशा में कदम बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि ऐसी परंपराएं पहले से भी कुछ समुदायों में प्रचलित रही हैं। (Viral wedding)



