कानपुर, 19 अप्रैल। Killed Father : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता पर अपनी 11 साल की जुड़वा बेटियों की हत्या का आरोप लगा है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
नौबस्ता के अपार्टमेंट में वारदात
यह मामला नौबस्ता थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, आरोपी अभिरंजन मिश्रा अपने परिवार पत्नी और तीन बच्चों के साथ फ्लैट में रहता था।
रात में साथ सोए, सुबह सामने आई घटना
बताया जा रहा है कि शनिवार रात खाना खाने के बाद आरोपी अपनी दोनों बेटियों के साथ कमरे में सोने गया था, जबकि उसकी पत्नी अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में थी। रविवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही नौबस्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच (Killed Father) शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पारिवारिक कलह के चलते तनाव में था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
लव मैरिज के बाद शुरू हुआ विवाद
दिल दहला देने वाली घटना के बाद अब आरोपी की पत्नी रेशमा के बयान ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पत्नी ने अपने पति पर कई चौंकाने वाले आरोप लगाते हुए घर के अंदर की स्थिति का खुलासा किया है। रेशमा के मुताबिक, उनकी शादी साल 2014 में लव मैरिज के तौर पर हुई थी। वह पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की रहने वाली हैं, जबकि उनके पति बिहार के निवासी हैं। कानपुर में नौकरी के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही रिश्ते में तनाव शुरू हो गया।
‘स्पेशल कमरा’ और CCTV का रहस्य
पत्नी ने बताया कि आरोपी अक्सर शराब के नशे में रहता था और उनके साथ मारपीट करता था। वह उन्हें मायके जाने से भी रोकता था और कई बार हिंसा करता था। रेशमा का आरोप है कि पति अक्सर कहता था कि वह बेटियों को अपने पास रखेगा और बेटे को लेकर वह कहीं भी चली जाए।
पत्नी ने खुलासा किया कि घर में कई CCTV कैमरे लगाए गए थे, खासकर आरोपी के कमरे में। वह किसी को भी उस कमरे में प्रवेश नहीं करने देता था। रेशमा खुद भी उस कमरे में नहीं जा सकती थीं और बाहर से स्क्रीन पर कैमरों की फुटेज देखती थीं।
पहले ही दे चुका था खौफनाक संकेत
रेशमा के अनुसार, आरोपी कई बार कह चुका था कि वह मरना चाहता है और बेटियों को भी अपने साथ ले जाएगा। घटना वाली रात सब कुछ सामान्य था, परिवार ने साथ में खाना खाया और इसके बाद आरोपी बेटियों को लेकर कमरे में चला गया।
पत्नी के मुताबिक, देर रात करीब 2:30 बजे आरोपी एक बेटी को लेकर बाथरूम गया और कुछ देर बाद वापस आ गया। इसके बाद कमरे की लाइट बंद कर दी गई। रेशमा ने दरवाजे और खिड़की के पास जाकर कोई आवाज सुनने की कोशिश की, लेकिन सब कुछ शांत था। उन्हें लगा कि सभी सो गए हैं।
जांच जारी, सच की तलाश
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना (Killed Father) के पीछे की असली वजह जानने की कोशिश जारी है। पत्नी के बयान के बाद कई नए सवाल खड़े हो गए हैं।



