रायगढ़। जिले के औद्योगिक क्षेत्रों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और श्रमिकों की मौत के मामलों को लेकर NSUI और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विभागीय कार्यालय पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी की।
यह भी पढ़े :- जगदलपुर में नशे के खिलाफ बड़ी पुलिस कार्रवाई: 54 किलो गांजा बरामद, 6 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उद्योगों में सुरक्षा नियमों की लगातार अनदेखी की जा रही है। हादसों के बाद केवल मुआवजा देकर मामले को दबा दिया जाता है, जबकि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए न तो जिला प्रशासन और न ही श्रम विभाग ठोस कार्रवाई करता है।
प्रदर्शन के दौरान हाल ही में रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिक दीपक चौहान की मौत का मामला प्रमुखता से उठाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह घटना औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है, लेकिन इसके बावजूद न तो उद्योग प्रबंधन और न ही प्रशासन गंभीर नजर आता है।
उन्होंने मांग की कि उद्योगों में नियमित जांच, सेफ्टी ऑडिट और लापरवाह प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जमकर नारेबाजी की।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जिले के बड़े उद्योगों की संयुक्त सुरक्षा समीक्षा बैठक जल्द आयोजित की जाएगी। बैठक में सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, कार्यस्थल के नियमों का पालन, निरीक्षण व्यवस्था, दुर्घटना रोकने के उपाय और प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही हाल की घटनाओं, विशेषकर रूपाणाधाम प्रकरण, की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आश्वासन के बाद NSUI और युवा कांग्रेस ने ज्ञापन सौंपकर अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।



