रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर रायपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष कुमार मेमन के नेतृत्व में राजीव गांधी चौक पर विरोध प्रदर्शन करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला दहन किया।
यह भी पढ़े :- सीजफायर के बीच भारत की एडवाइजरी: ‘जल्द से जल्द ईरान छोड़ें’
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इस बीच पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल करना पड़ा।
जिला अध्यक्ष कुमार मेमन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि असम सरकार कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिए एफआईआर और छापेमारी जैसी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा के घर भी पुलिस ने रेड की है, लेकिन कांग्रेस ऐसे दबाव से डरने वाली नहीं है।
वहीं कांग्रेस नेता आकाश शर्मा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता बौखलाए हुए हैं। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के असम दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि अब उनके पास जनता को देने के लिए कोई नई योजना नहीं है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे और पूरे मामले को लेकर कड़ी नाराजगी जताई गई।



