नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम (सीजफायर) समझौते के बावजूद भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी है। तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने आज बुधवार को जारी एडवाइजरी में नागरिकों से कहा है कि वे दूतावास के संपर्क में रहकर उसके द्वारा सुझाए गए सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें।
यह भी पढ़े :- Husband Allegations : पति की गुहार..! पत्नी पर गंभीर आरोप…पुलिस से मदद न मिलने का दावा…वीडियो जारी कर मांगी मदद
दूतावास ने अपने बयान में कहा, “7 अप्रैल की एडवाइजरी के क्रम में और हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे दूतावास के साथ तालमेल बिठाकर जल्द से जल्द देश छोड़ दें।”

बिना अनुमति बॉर्डर जाने से बचें
एडवाइजरी में स्पष्ट रूप से चेतावनी दी गई है कि कोई भी भारतीय नागरिक बिना दूतावास से सलाह लिए किसी अंतरराष्ट्रीय जमीनी सीमा की ओर न जाए। दूतावास ने कहा कि स्वतंत्र रूप से बॉर्डर तक पहुंचने की कोशिश जोखिम भरी हो सकती है।
इमरजेंसी हेल्पलाइन और ईमेल जारी
भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने आपातकालीन संपर्क नंबर और ईमेल आईडी भी जारी की है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत मदद मिल सके।
हेल्पलाइन नंबर:
+989128109115
+989128109102
+989128109109
+989932179359
ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in
विदेश मंत्रालय ने किया सीजफायर का स्वागत
इस बीच, विदेश मंत्रालय ने अमेरिका-ईरान के बीच हुए युद्धविराम का स्वागत किया है। मंत्रालय ने कहा कि “हम युद्धविराम का स्वागत करते हैं और उम्मीद करते हैं कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी।” साथ ही भारत ने दोहराया कि किसी भी संघर्ष का समाधान संवाद और कूटनीति के जरिए ही संभव है।
मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस संघर्ष से आम लोगों को भारी नुकसान हुआ है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति व व्यापार नेटवर्क प्रभावित हुए हैं। भारत ने Strait of Hormuz में निर्बाध आवाजाही बनाए रखने पर भी जोर दिया।
सीजफायर के बाद भी सतर्कता जरूरी
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने ईरान के खिलाफ हमलों को दो सप्ताह के लिए रोकने की घोषणा की है। ईरान ने भी इसे अस्थायी रूप से स्वीकार करने के संकेत दिए हैं। हालांकि, क्षेत्र में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं, जिसे देखते हुए भारत ने एहतियातन अपने नागरिकों को जल्द लौटने की सलाह दी है।



