दुर्ग। स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के भिलाई स्टील प्लांट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्लांट के पीबीएस-2 यूनिट में अचानक टर्बाइन में ब्लास्ट होने के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। वरिष्ठ अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लेते रहे।
आग की चपेट में आने से दो बीएसपी कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक घायल हो गए। सभी ने किसी तरह पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घायलों में एक कर्मचारी का पैर फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रबंधन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।



