अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने मामूली विवाद में अपने ही दोस्त की हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को घर के अंदर ही दफना दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के 9 दिन बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
यह मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। आरोपी की पहचान मिथलेश कुजूर के रूप में हुई है, जिसने पुलिस को बताया कि उसने अपने दोस्त बृजलाल की हत्या कर दी थी। आरोपी के अनुसार, घटना के बाद वह लगातार मानसिक रूप से परेशान था और ‘आत्मा के डर’ के कारण उसने सच्चाई उजागर करने का फैसला लिया।

पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च की रात बृजलाल अपने दोस्त मिथलेश के घर पहुंचा था। यहां दोनों के बीच शराब पीने को लेकर बातचीत हुई। नवरात्रि के कारण बृजलाल ने शराब पीने से इनकार कर दिया, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान आरोपी का मोबाइल फोन टूट गया, जिससे गुस्साए मिथलेश ने लाठी-डंडे से बृजलाल पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर जमीन में दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। करीब 9 दिनों तक यह राज छिपा रहा, लेकिन अंततः डर और तनाव के चलते आरोपी ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम व तहसीलदार की मौजूदगी में घर की जमीन खुदवाकर शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।



