गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपियों ने कम दाम में असली सोना देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 10 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक उमेद साहू निवासी मुंगेली ने 5 दिसंबर 2025 को गौरेला थाने में चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उमेद ने बताया कि आरोपियों ने उससे संपर्क कर दावा किया कि कारीआम गांव के पास तालाब की खुदाई के दौरान भारी मात्रा में सोना मिला है।
आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए नकली सोने को असली बताकर दिखाया और कम कीमत में बेचने का लालच दिया। झांसे में आकर पीड़ित ने आरोपियों को 10 लाख रुपये नकद दे दिए और बदले में सोना ले लिया। बाद में जब सोने की जांच कराई गई तो वह पूरी तरह नकली निकला।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुंगेली निवासी नरेंद्र साहू, सरोज साहू, निर्मल जायसवाल और मनोज के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज किया गया। इनमें से नरेंद्र साहू और सरोज साहू (पति-पत्नी) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
वहीं फरार आरोपियों निर्मल जायसवाल और मनोज की तलाश जारी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के संदिग्ध सौदों से सावधान रहें और किसी भी शंका की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।



