रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन प्रश्नकाल के दौरान घुमंतू और आवारा पशुओं के रख-रखाव व संरक्षण को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। विधायक कुंवर सिंह निषाद ने सरकार से प्रदेश में संचालित योजनाओं की जानकारी मांगी और मंत्री के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि “आप लोग गौमाता के नाम पर वोट मांगते हैं, तो उन्हें राष्ट्रमाता घोषित किया जाना चाहिए।”
कौन-कौन सी योजनाएं चल रहीं?
प्रश्न के जवाब में आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि पशुधन विभाग के माध्यम से आदर्श गोधाम और गोकुल धाम गौ अभ्यारण योजना संचालित की जा रही हैं।
मंत्री ने जानकारी दी कि गोधाम योजना के तहत 620 पशुओं के संरक्षण और रख-रखाव की व्यवस्था की गई है, जबकि कई स्थानों पर कार्य प्रक्रियाधीन है और जल्द ही शुरू किया जाएगा।
620 पशुओं के खर्च पर सवाल
विधायक निषाद ने पूछा कि इन 620 पशुओं के चारा-पानी की व्यवस्था सरकार कर रही है या कोई अन्य संस्था? इस पर मंत्री ने बताया कि 36 गोठानों को गौधाम के रूप में प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है और पंजीकृत संस्थाओं को राशि जारी कर व्यवस्था कराई जाती है।
हालांकि विधायक ने स्वीकृत राशि ‘निरंक’ होने की बात कही, जिस पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि 36 गोठानों में पशु संरक्षण की व्यवस्था की जा रही है और केवल आरोप लगाने से काम नहीं चलता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के घुमंतू पशुओं के संरक्षण की जिम्मेदारी सरकार निभा रही है।
कहां संचालित हो रहे हैं गोठान?
मंत्री नेताम ने बताया कि तखतपुर-बिलासपुर, साजा-बेमेतरा और राजपुर-मरवाही सहित कुल 11 स्थानों पर गोठान खुले हैं, जिनमें से 3 स्थानों पर संचालन जारी है।
विधायक ने ठोस कार्ययोजना पर सवाल उठाया, जिस पर मंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों के घुमंतू पशु अलग हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की व्यवस्था अलग है। सरकार संरक्षण से संबंधित कार्य कर रही है।
मुंगेली में कृषि योजनाओं पर भी मांगा ब्यौरा
इससे पहले विधायक पुन्नू लाल मोहले ने मुंगेली विधानसभा क्षेत्र में किसानों के लिए फसल उत्पादन, संरक्षण तकनीक, प्रमाणित बीज उत्पादन-वितरण और उन्नत कृषि उपकरणों पर खर्च का विवरण मांगा।
मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि वर्ष 2023 से 2026 के बीच विकासखंड मुंगेली और पथरिया में किसानों को नई किस्म के प्रमाणित बीज, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, कीट प्रबंधन तकनीक और कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
विधानसभा में गौठान और घुमंतू पशुओं पर हंगामा, ‘गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करें’ की मांग
Related Posts
About Us
रायपुर न्यूज नेटवर्क, छत्तीसगढ़ का सबसे लोकप्रिय और विश्वसनीय वेब पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल है,जो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि देश के हर कोने से ताजा और सटीक समाचार आपके सामने लाता है। हमारा मिशन है जनता तक हर खबर को पूरी सच्चाई, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ पहुँचाना। राजनीति, अपराध, मनोरंजन, खेल और समाज से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को हम प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हैं। हमारे संवाददाता अपनी रुचि और जिम्मेदारी के साथ खबरें प्रेषित करते हैं, लेकिन रायपुर न्यूज नेटवर्क किसी भी खबर की सामग्री के लिए जिम्मेदार नहीं है। सभी समाचार-संबंधी प्रकरणों का न्याय क्षेत्र रायपुर, छत्तीसगढ़ होगा।
रायपुर न्यूज नेटवर्क – सच्चाई की आवाज, जनता की पसंद!
Contact Us
News Editor:
Pankaj Vishwakarma
Mobile: +91-9424225035
Email:
raipurnewsnetwork@gmail.com
Address: Shop No. 17, Mahila Samridhi Bazar, Budeswer Chowk, Raipur, Chhattisgarh
Important Pages
© 2025 Raipur News Network. Designed by Nimble Technology.


