गरियाबंद। बड़े गोबरा के शासकीय आदिवासी बालक आश्रम के छात्र राघव मंडावी की मौत से नाराज आदिवासी समाज ने आज नेशनल हाइवे 130C पर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी आश्रम अधीक्षक पर कार्रवाई और मृतक छात्र के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भाठीगढ़ में संचालित आश्रम में रहकर ग्राम गजकन्हार, विकासखंड नगरी निवासी छात्र पढ़ाई कर रहा था। 20 जनवरी को उसने अपने साथियों और कर्मचारियों को तबीयत खराब होने की जानकारी दी और माता-पिता से बात करने की गुहार लगाई, लेकिन कथित तौर पर उसकी बातों को नजरअंदाज किया गया।
गणतंत्र दिवस पर छात्र के पिता फिरतु राम मंडावी आश्रम पहुंचे और बेटे को बेहद कमजोर अवस्था में बिस्तर पर पाया। उन्होंने तुरंत छुट्टी के लिए आवेदन किया और 26 जनवरी को उसे घर लेकर इलाज शुरू किया। सुधार न होने पर धमतरी स्थित अस्पताल ले जाने पर शुक्रवार सुबह 4 बजे राघव मंडावी की मौत हो गई।
इकलौते बेटे को खोने से हताश पिता ने कहा कि समय पर इलाज मिलता तो उनका बच्चा आज जिन्दा होता। जनपद सदस्य सुकचंद धुव्र ने आश्रम अधीक्षक की लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



