बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित कपिल नगर से एक दुखद खबर सामने आई है। 26 वर्षीय आकाश कुमार पंडा, जो रायगढ़ के ग्राम अमलीडीह (घरघोड़ा) के निवासी थे और किराए के मकान में अकेले रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे, ने अज्ञात कारणों से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पुलिस के अनुसार, आकाश के दोस्त उससे मिलने गए। कमरे के अंदर से दरवाजा बंद होने और लगातार आवाज देने तथा मोबाइल कॉल के बावजूद कोई जवाब न मिलने पर दोस्तों को आशंका हुई कि कुछ गलत हुआ है। खिड़की से देखने पर आकाश का शव फंदे से लटका पाया गया।
सूचना पाकर सरकंडा पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। परिजनों के रायगढ़ से बिलासपुर पहुँचने तक दरवाजा न खोलने की सलाह के बाद, उनके आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
प्रारंभिक जांच में इसे प्रतियोगी परीक्षाओं के तनाव और मानसिक दबाव से जोड़ा जा रहा है। पुलिस आकाश के कॉल डिटेल्स और दोस्तों के बयानों के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह पिछले कुछ समय से किसी मानसिक तनाव में था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



